मुकेश कुमार | मैनपुरी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मैनपुरी में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की मासिक बैठक बुधवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पिछड़े वर्ग के अधिकारों और मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान फर्जी वोटों का मुद्दा बैठक में सबसे ज्यादा गरमाया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह कश्यप ने की, जबकि संचालन महासचिव महादीप शाक्य ने किया। जिला महासचिव रामनरायन बाथम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष बोले- जनपद में बने हैं बड़ी संख्या में फर्जी वोट
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह कश्यप ने कहा कि संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बावजूद जनपद में बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 19 मई 2026 को जिलाधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन भी सौंप चुका है।
‘नाम नहीं कटे तो आंदोलन होगा’
महेंद्र सिंह कश्यप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि फर्जी मतदाताओं के नाम सूची से नहीं हटाए गए, तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि सपा हमेशा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने वर्तमान सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
किसानों की समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि खेती की लागत बढ़ती जा रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति
बैठक में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे जनता के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों का प्रचार करें और लोगों की समस्याओं को सुनें।
संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिला सचिव मोहकम सिंह कश्यप, जिला उपाध्यक्ष अजय राठौर, जिला सचिव अश्वनी शाक्य, भोगांव विधानसभा अध्यक्ष मुनीश कश्यप, उपाध्यक्ष रामगोपाल राजपूत, अनिल कुमार शर्मा, शिव पूजन, जैनश कुमार, दीपक कुमार, पुष्पेंद्र सिंह कश्यप, अनमोल कुमार, देवेंद्र कश्यप, हरिओम कश्यप, हर्ष बाबू कश्यप और अंशुल यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


