How to prevent insects in rice: चावल एक ऐसा अनाज है, जिसे हर कोई खाना पसंद करता है. भारत में चावल एक मुख्य भोजन की तरह खाया जाता है. दाल-चावल हो, खिचड़ी हो, बिरयानी हो, फ्राइड राइस हो, इन सभी को बनाने के लिए चावल की जरूरत होती है. ये एक ऐसा अनाज है जिसे एक बार में ही 5 से 10 किलो खरीद कर रख लेते हैं. हालांकि, कई बार इसमें बहुत जल्दी घुन और कीड़े लग जाते हैं. आखिर क्यों लग जाते हैं चावल में जल्दी कीड़े और घुन, जानिए कुछ कॉमन कारण और चावल को घुन से बचाने के देसी तरीके…
क्यों लगते हैं चावल में घुन और कीड़े?
चावल में घुन और छोटे कीड़े लगना एक आम समस्या है. जब आप इसे लंबे समय तक के लिए स्टोर करके रखते हैं, इस्तेमाल में बिल्कुल नहीं आता है तो गर्मियों में इसमें जल्दी घुन लग जाते हैं. इसके पीछे कई प्राकृतिक और वातावरण से जुड़ी वजहें होती हैं.
-नमी के कारण चावल में घुन जल्दी लगते हैं. इसे हल्की सी भी गीली या नम जगह पर रख दें तो चावल में कीड़े जल्दी पनपने लगते हैं. दरअसल, नमी में अंडे तेजी से विकसित होते हैं और घुन बन जाते हैं.
– कई बार बिना देखे लोग पुराने कीड़े और घुन लगे या अजीब सी स्मेल आने वाला चावल खरीद लेते हैं. इससे भी धीरे-धीरे घुन और कीड़े अंडे देते हैं, जो इनकी संख्या को तेजी से बढ़ाते हैं. पुराने चावल खरीदने से बचना चाहिए.
-गर्मी और बारिश के मौसम में घुन लगने का रिस्क अधिक तेजी से बढ़ जाता है. इन दोनों ही मौसम में तापमान और नमी दोनों बढ़ जाते हैं. इस तरह का वातावरण घुन और कीड़ों के पनपने के लिए सबसे अनुकूल होता है. इसी कारण से गर्मी और बरसात में चावल जल्दी खराब होने लगता है.
चावल को कैसे करें स्टोर? (How to store rice)
-चावल को कभी भी खुले बर्तन, ढीले ढक्कन या गंदे कंटेनर में न रखें. इससे हवा और नमी अंदर जाएगी, जो चावल को खराब कर सकता है. कीड़े लगने की संभावना बढ़ जाती है. हमेशा एयरटाइट कंटेनर में ही रखें.
-कभी भी पुराने और नए चावल को एक साथ एक ही डिब्बे में डालकर न रखें. अगर पुराने चावल में एक भी घुन या सफेद वाला कीड़ा होगा, तो नए चावल को भी खराब कर देगा. इससे आपके पैसे बर्बाद हो जाएंगे. कीड़े और घुन लगे चावल को खाना काफी खराब स्वाद देता है.
– अगर चावल की खपत आपके घर में अधिक नहीं होती है तो 10 किलो खरीद कर ना रखें. जितने लोग हैं, जितना हर दिन इस्तेमाल होता है, उसी अंदाज में चावल खरीदें. लंबे समय तक स्टोर करके रखने से भी घुन लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है. इसे घुन से बचाने के लिए बीच-बीच में धूप भी जरूर दिखाएं.
-कुछ घरेलू उपाय इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए चावल के डिब्बे में नीम की सूखी पत्तियां डाल दें. नीम में प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल और कीट-रोधी गुण मौजूद होते हैं और इसके तेज गंध से घुन जल्दी नहीं लगते हैं.
-तेजपत्ता चावल के डिब्बे में डाल दें. आप लहसुन की कलियां भी छिलका सहित डाल दें. इनकी तेज गंध से कीड़े और घुन जल्दी नहीं लगेंगे. लौंग के 10-15 दाने भी चावल के डिब्बे में डाल सकते हैं. साथ ही साबुत लाल मिर्च भी काफी कारगर साबित होगा.

