Last Updated:
सरकार के सामने फिलहाल दो बड़ी चुनौतियां हैं. पहली, जल्द से जल्द NEET परीक्षा को दोबारा आयोजित करना और दूसरी, परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह लीक-प्रूफ बनाना, ताकि छात्रों का भरोसा बहाल हो सके और परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो.
नीट परीक्षा की नई तारीख का ऐलान जल्द किए जाने की उम्मीद है. (पीटीआई)
नई दिल्ली. नए सिरे से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)- स्नातक आयोजित करने की तैयारियों की समीक्षा के लिए बृहस्पतिवार देर रात यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैठक में चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई.
इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (विद्यालय शिक्षा) संजय कुमार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के आयुक्तों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
यह बैठक एनटीए द्वारा परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के आरोपों के बाद तीन मई की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा किये जाने के बाद हुई है. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दोबारा होने वाली NEET परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने की रणनीति तैयार करना था. इसे लेकर एजुकेशनिस्ट और सीनियर ब्यूरोक्रेट्स के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
इस दौरान उन सभी कमजोर क्षेत्रों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जहां सुधार कर पेपर लीक जैसी घटनाओं की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय चाहता है कि इस बार परीक्षा में किसी भी तरह की खामी न रहे. खासतौर पर सुरक्षा व्यवस्था को सबसे बड़ी चुनौती मानते हुए हर स्तर पर तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के कारण रद्द कर दी थी. राजस्थान विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने इस मामले में 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें अभ्यर्थी और उनके परिजन शामिल हैं.
सीबीआई ने बीते 13 मई को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से तीन जयपुर के हैं. गिरफ्तार आरोपियों में जयपुर के मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल शामिल हैं, जबकि अन्य दो आरोपी गुरुग्राम के यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार हैं. टीम मंगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल के घर पहुंची. विकास बिवाल भी इसी परिवार से हैं. स्थानीय पुलिस सूत्रों ने बताया कि टीम ने परिजनों के बयान दर्ज किए.
About the Author

रवि सिंह News 18 India में कार्यरत हैं. पिछले 20 वर्षों से इलेक्ट्रानिक मीडिया में सक्रिय हैं. उनकी मुख्य रूप से रेलवे,स्वास्थ्य,शिक्षा मंत्रालय,VHP और राजनीतिक गतिविधियों पर पकड़ है. अयोध्या में मंदिर की कवरेज…और पढ़ें

