बता दें कि, पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच का विवाद किसी से छिपा नहीं है. दोनों का रिश्ता कभी निजी स्तर पर भी था, लेकिन बाद में आरोप-प्रत्यारोप और मीडिया ट्रायल में तब्दील हो गया. इस कड़वाहट के बीच अक्षरा सिंह का हालिया बयान एक नया मोड़ लेकर आया है. औरंगाबाद में एक निजी समारोह में शामिल हुईं अक्षरा सिंह ने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे एक मजबूत और समझदार महिला हैं. उन्होंने उनके सामाजिक और राजनीतिक प्रयासों की खुले दिल से तारीफ की और उनकी कामयाबी की कामना की.
अक्षरा सिंह ने की ज्योति सिंह की तारीफ
रिश्तों में नया संतुलन?
अक्षरा सिंह ने यह साफ कर दिया कि वह फिलहाल राजनीति में नहीं आना चाहतीं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई महिला समाज के लिए आगे आ रही है तो उसका स्वागत होना चाहिए. यह बात उन्होंने ज्योति सिंह के राजनीतिक इच्छाओं के संदर्भ में कही. अक्षरा का यह बदला हुआ रुख यह संकेत देता है कि निजी विवादों से ऊपर उठकर अब वह नई राह की ओर बढ़ रही हैं. जानकार बता रहे हैं कि पवन सिंह से व्यक्तिगत मतभेद के बावजूद अक्षरा सिंह ने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के लिए जो कहा वह बता रहा है कि अब संबंधों को एक नया आयाम मिलने का समय आ रहा है.
पवन सिंह-अक्षरा सिंह का पुराना विवाद
भोजपुरी सिनेमा और सियासत का मेल
पवन सिंह और अक्षरा सिंह के साथ ज्योति सिंह की कहानी अब केवल भोजपुरी सिनेमा तक सीमित नहीं रही. ज्योति सिंह की राजनीतिक महत्वाकांक्षा और अक्षरा सिंह का उनको समर्थन इस बात का संकेत है कि ये सितारे अब सामाजिक और सियासी मंचों पर भी अपनी पहचान बनाना चाहते हैं. पवन सिंह की निजी जिंदगी के विवादों ने उन्हें हमेशा चर्चा में रखा, लेकिन अक्षरा का ज्योति को समर्थन एक नया सियासी समीकरण बना सकता है.
ज्योति सिंह के साथ पवन का रिश्ता
बता दें कि पवन सिंह की निजी जिंदगी भी हमेशा सुर्खियों में रही है. उनकी पहली पत्नी नीलम ने 2015 में आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उनकी जिंदगी में कई विवाद आए. 2018 में ज्योति सिंह से उनकी दूसरी शादी हुई, लेकिन यह रिश्ता भी विवादों से अछूता नहीं रहा. ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और गर्भपात के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए. दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है. (इनपुट-संजय कुमार सिन्हा)

