Sunday, May 10, 2026
Homeविदेशअमेरिका में कैथल के युवक की हत्या: मां बोली- पत्नी ने...

अमेरिका में कैथल के युवक की हत्या: मां बोली- पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर मारा, पहले राखी बांधती थी; ₹80 लाख खर्च कर गया था – Pundri News


विकास यह फोटो तब की है, जब वह घायल अवस्था में अमेरिका के अस्पताल में भर्ती था।

हरियाणा के कैथल के रहने वाले युवक की अमेरिका में हत्या कर दी गई। अमेरिका में ही रह रही युवक की मां ने बेटे की पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है।

.

वीडियो में मां ने आरोपी पर पहले बेटे की पत्नी से राखी बंधवाने और फिर प्रेमजाल में फंसाने का आरोप लगाया है। इसके बाद साजिश रचकर हत्या करने की बात कही है। आरोपी के एक अन्य दोस्त को भी इस साजिश में शामिल बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की पहचान कौल गांव के 40 वर्षीय विकास निवासी कौल गांव, कैथल के तौर पर हुई है। वह 3 साल पहले पत्नी और बेटी के साथ अमेरिका गया था। फिलहाल, अमेरिकी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

उधर, मामला सामने आने के बाद अमेरिका में रह रहे हरियाणवी मूल के लोगों ने इसे लेकर वहां पंचायत की। इस पंचायत में 3 अहम फैसले लिए गए, जिनमें मृतक की बेटी को उसकी दादी को सौंपने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने और तीसरा उनका सामाजिक बहिष्कार करना शामिल है।

इसके अलावा गुरुवार की शाम गांव कौल में भी सर्वसमाज की पंचायत हुई, जिसमें मामले को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए।

विकास की मां कृष्ण देवी ने वीडियो जारी कर पूरा घटनाक्रम बताया।

मृतक युवक की मां ने वीडियो में क्या-क्या बताया…

  • 80 लाख रुपए खर्च कर पत्नी-बेटी को अमेरिका ले गया था : मृतक युवक विकास की मां कृष्ण देवी ने वीडियो में बताया कि उसका बेटा 3 साल पहले अपनी पत्नी संगीता और बेटी के साथ बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका आया था। उसने इसके लिए 80 लाख रुपए खर्च किए थे। शुरुआत में अमेरिका पहुंचने के बाद वह छोटे-मोटे काम करता था। कुछ दिन बाद विकास ने एक होटल में काम करना शुरू कर दिया था।
  • होटल में हुई हरियाणा के दो युवकों से मुलाकात : मां ने आगे बताया कि होटल में काम करते वक्त विकास की मुलाकात हरियाणा के कैथल जिले के पुंडरी हलका क्षेत्र के गांव फतेहपुर के सोनू और राहड़ा के गांव गुरमीत से हुई। हरियाणा के होने की वजह से ही दोनों ने उसकी अच्छी दोस्ती हो गई। घर आना-जाना हो गया। मां ने बताया कि सोनू, बेटे विकास की पत्नी को अपनी बहन कहता था, उससे राखी भी बंधवाता था।
  • पत्नी और बेटी को भगा ले गए, धमकी दी : मां के मुताबिक, विकास और उनकी पत्नी एक साल तक सामान्य जीवन जी रहे थे। करीब डेढ़ साल पहले एक दिन विकास होटल गया था, पीछे से सोनू और गुरमीत मिलकर विकास की पत्नी और बेटी को अपने साथ ले गया। जब बेटा काम से लौटा तो पता चला कि पत्नी और बेटी सोनू के पास है और वहीं रहना चाहते है। पूछने पर पता चला कि पत्नी का सोनू से अफेयर चल रहा था। उसने राखी बांधने वाली बात पूछी तो दोनों ने उसे धमकी दी कि अब हमारी जिंदगी में दखल मत देना।
मृतक विकास (कैप पहने हुए) और आरोपी सोनू। फाइल फोटो।

मृतक विकास (कैप पहने हुए) और आरोपी सोनू। फाइल फोटो।

  • बेटा परेशान रहने लगा, मां को भी अमेरिका बुलाया : मां ने आगे बताया कि पत्नी और बेटी के चले जाने से विकास काफी परेशान रहने लगा। वह पुलिस के पास भी गया। बेटी को अपने पास लाने के लिए कोर्ट में भी गया। जब ज्यादा परेशान हो गया तो उसने मुझे बुला लिया। 17 लाख रुपए खर्च कर मैं भी अमेरिका पहुंच गई। उसने भी बेटे की पत्नी से बात की, लेकिन वह वापस लौटने को राजी नहीं हुई।
  • बेटे पर किया हमला, अस्पताल में दम तोड़ा : मां ने आरोप लगाया कि विकास अपनी बेटी को पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। इस पर सोनू उन्हें जान से मारने की धमकियां देता था। आरोप है कि एक दिन तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पता चलने पर बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 9 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहा और अंत में उसने दम तोड़ दिया। मां ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विकास ने भी जारी किया था वीडियो, लगाए थे कई आरोप

  • मेरी वाइफ को बहन बोलता था, राखी भी बंधवाता था : जब सोनू विकास की पत्नी और बेटी को ले गया था, उस वक्त विकास ने भी वीडियो जारी कर बिरादरी के लोगों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी। विकास ने वीडियो में बिताया था कि मेरे वाइफ को ये बहन बोलता था, राखी बंधवाता था, मेरी गुड़िया सोनू फतेहपुर को मामा कहती थी। आज रक्षाबंधन है, मैं राखी बंधवाने आया हूं, भांजी से मिलने आया हूं, यह कहकर घर आता था। वाइफ को काम दिलवाने का भरोसा देता था।
  • ये लड़का इंसान नहीं, भेड़िया है, मुझे न्याय दिलाए : वीडियो में विकास ने आगे कहा था कि समस्त रोड बिरादरी से हाथ जोड़कर कहता हूं कि ये लड़का इंसान नहीं है। इंसान की शक्त में भेड़िया है, राक्षस है। मैं रोड समाज के लोगों से विनती करता हूं कि मेरा साथ दे। आदरणीय विधायक सतपाल जांबा जी, बड़े भाई बिंटू जौली जी, जो समाजसेवी है, हमारे रोड बिरादरी के प्रधान नसीब कारसा जी, हरविंदर कल्याणी जी स्पीकर, पूर्व सरपंच चौधरी श्याम सुंदर, वर्तमान सरपंच नरेश जी, हाथ जोड़कर यही विनती करता हूं कि मुझे न्याय दिलाए।
  • अपने मां-बाप को भी फोन पर गाली देता था : विकास ने आगे बताया था कि मैं यहां न्यूयार्क में परेशान हूं, मेरी बच्ची अपनी दादी से मिलने के लिए बेचैन है, इस इंसान ने मेरा अच्छा खेलता परिवार उजाड़ दिया। ये इंसान न तो किसी का यार दोस्त है और ना ही बेटा। अपने मां-बाप को भी दारू पीकर फोन पर गालियां देता हैं। उल्टी सीधे हरकते करता हैं। इनका एक पूरा ग्रुप है, कासिक लोढ़ा और सोनू फतेहपुर का, ये फ्रॉड है। आज तक इन्होंने किसी लड़की की शादी नहीं कराई। यूट्यूब पर फेमस होने के लिए दोनों की सोची समझी साजिश है। रोड बिरादरी से हाथ जोड़कर कर विनती है कि मुझे न्याय दिलाया जाए।
  • आज न मेरे पास जमीन है न घर, बर्बाद कर दिया मुझे : विकास ने आगे कहा था कि सोनू ने मुझे बर्बाद कर दिया। मैं 80 लाख रुपए लगाकर तीन साल पहले यहां आया था। आज मेरे पास न जमीन है और न घर है। मेरा सबकुछ उजाड़ दिया। सोनू लड़का नहीं भेड़िया है। एनजीओ का जो अध्यक्ष है कासिक लोढ़ा, वो भी सोनू के साथ मिला हुआ है। आज न्यूयार्क में सात-सात केस है मुझ पर। झूठे केस में मुझे अंदर कराया। तीन-तीन दिन जेल काट कर आया हूं पांच बार। बार बार मुझे मेरी वाइफ अंदर करा देती है झूठे आरोप लगाकर। इन सबके पीछे सोनू ही है।
रोड़ समाज ने फ्रेस्नो शहर में पंचायत की।

रोड़ समाज ने फ्रेस्नो शहर में पंचायत की।

यहां जानिए अमेरिका में हुई पंचायत में क्या कहा गया…

  • सर्वसमाज के लोगों ने लिया पंचायत में हिस्सा: विकास की मौत के मामले की जैसे जानकारी यहां भारत में उसके परिवार और समाज के लोगों को लगी तो उन्होंने अमेरिका के फ्रेस्नो शहर में रह रहे रोड़ समाज के लोगों से संपर्क साधा। इसके बाद फ्रेस्नो शहर के गुरु ब्रह्मानंद आश्रम में एक पंचायत बुलाई, जिसमे सर्व समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए गुल्लू कौल ने जानकारी दी।
  • विकास के शव को भारत भेजा जाएगा: गुल्लू कौल ने बताया कि विकास की मां फिलहाल अमेरिका में ही है। पंचायत में युवाओं और बुजुर्गों ने फैसला लिया के विकास का शव भारत भेजा जाएगा, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में हो। इसके अलावा जो युवक विकास की पत्नी को भगा के ले गया है, उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
  • विकास की बेटी को दादी को सौंपने की तैयारी: गुल्लू कौल ने आगे बताया कि एक हफ्ते एक अंदर मृतक विकास की बेटी उसकी दादी को न्यूयॉर्क में सौंपने का फैसला लिया गया। फिलहाल पंचायत का पूरा फोकस विकास की 10 साल की बेटी पर है, जिसको दादी को सौंपने के लिए अपील की जा रही है। पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।
हरियाणा के कैथल के गांव कौल में हुई समाज के लोगों की पंचायत।

हरियाणा के कैथल के गांव कौल में हुई समाज के लोगों की पंचायत।

हरियाणा के कौल गांव में भी हुई पंचायत, लिए बड़े फैसले इस मामले में कैथल के गांव कौल में भी सर्वसमाज की पंचायत हुई। इसमें कई बड़े फैसले लिए गए। कहा गया कि अमेरिका में रह रहे समाज के युवा वहां पंचायत कर विकास की पत्नी को मनाए, कि वो बच्ची की कानूनी कस्टडी दादी को दें। दादी और बच्ची को विकास के शव के साथ भारत भेजा जाए। विकास के ऊपर करीब 80 लाख का कर्ज है और डेडबॉडी भारत मंगवाने का खर्च समेत सर्व समाज पैसा एकत्र करें। शुक्रवार को फतेहपुर गांव में पंचायत जाएगी, जहां आरोपी सोनू के घर वालों और रिश्तेदारों को मनाया जाएगा कि वो बेटी की कस्टडी दादी को देने में सहयोग करें।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments