शिवहर जिले में इस वर्ष हरतालिका तीज का पर्व 26 अगस्त 2025 को बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। भादो माह की शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
.
हरतालिका तीज पर सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। वहीं, कुंवारी कन्याएं मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए यह व्रत करती हैं। मान्यता है कि यह व्रत माता पार्वती द्वारा भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए की गई कठोर तपस्या की याद में मनाया जाता है।
इस दिन व्रत करने वाली महिलाओं को अन्न और जल ग्रहण करने की मनाही होती है, इसलिए इसे कठिन व्रत माना जाता है। पर्व को लेकर शिवहर जिले के बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। यह व्रत वैवाहिक जीवन में प्रेम, सुख-समृद्धि और रिश्तों की मजबूती का प्रतीक माना जाता है।

