शशांक राठौर | बरेली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बरेली के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव कुंवरपुर बंजरिया में एक दुखद घटना सामने आई है। शुक्रवार को 45 वर्षीय विनोद का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। प्रथम दृष्टया यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला लग रहा है।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताया है। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के चचेरे भाई नेमीचंद के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के छत्रपाल ने विनोद के पॉपुलर के पेड़ काट दिए थे। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
विवाद को पंचायत के माध्यम से सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद छत्रपाल और उसके परिवार के लोग विनोद को लगातार धमकी दे रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं धमकियों और विवाद के चलते विनोद की हत्या की गई।
परिजनों ने छत्रपाल, गौरव और कृष्णपाल पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने शव को फांसी पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
सूचना मिलते ही हाफिजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। विनोद अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है। वह खेती-बाड़ी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

