Last Updated:
Instant Dosa Batter: कम समय में स्वादिष्ट और क्रिस्पी डोसा बनाना चाहते हैं तो यह इंस्टेंट डोसा बैटर रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. बिना फर्मेंटेशन के तैयार होने वाला यह बैटर स्वाद में शानदार और बनाने में बेहद आसान है.
इंस्टेंट डोसा बैटर
Instant Dosa Batter: बिना फर्मेंटेशन के घर पर बनाएं क्रिस्पी डोसा, जानें आसान और झटपट रेसिपी सुबह के नाश्ते में कुछ हल्का, टेस्टी और पेट भरने वाला खाने का मन हो तो डोसा सबसे बढ़िया ऑप्शन माना जाता है. साउथ इंडियन फूड का नाम आते ही लोगों के दिमाग में सबसे पहले गरमा-गरम और क्रिस्पी डोसा ही आता है. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसे बड़े चाव से खाना पसंद करता है. लेकिन कई लोग सिर्फ इसलिए घर पर डोसा नहीं बना पाते क्योंकि उसका बैटर तैयार करने में काफी लंबा समय लगता है. चावल और दाल को घंटों भिगोना, फिर पीसना और उसके बाद खमीर उठने का इंतजार करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता.
खासकर वर्किंग लोगों के लिए यह प्रोसेस काफी मुश्किल लगती है. ऐसे में अब एक ऐसी आसान रेसिपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है जिसमें बिना फर्मेंटेशन के सिर्फ 30 मिनट में डोसा बैटर तैयार किया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें आसानी से घर में मिल जाती हैं. इस बैटर से बनने वाला डोसा इतना क्रिस्पी बनता है कि लोग होटल वाला स्वाद भूल जाएंगे, अगर आपको भी अचानक डोसा खाने की क्रेविंग होती है तो यह इंस्टेंट रेसिपी आपके बहुत काम आने वाली है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई आसान रेसिपी
यूट्यूब पर मसाला किचन नाम के एक चैनल ने इस इंस्टेंट डोसा बैटर का तरीका शेयर किया है. देखते ही देखते यह रेसिपी वायरल हो गई क्योंकि इसमें घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ती. लोग इस ट्रिक को काफी पसंद कर रहे हैं क्योंकि कम समय में भी शानदार रिजल्ट मिल रहा है. आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ में हर कोई जल्दी बनने वाली रेसिपी ढूंढता है. ऐसे में यह इंस्टेंट डोसा बैटर उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो स्वाद के साथ समय भी बचाना चाहते हैं. खास बात यह है कि इस बैटर में किसी तरह का बेकिंग सोडा या बाजार वाला मिक्स इस्तेमाल नहीं होता.
इंस्टेंट डोसा बैटर के लिए जरूरी चीजें
इस आसान रेसिपी को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए एक कप मूंग दाल, एक कप चना दाल और एक कप समा के चावल चाहिए होंगे. इसके अलावा दो उबले हुए आलू, दो हरी मिर्च, थोड़े से कढ़ी पत्ते, एक छोटा चम्मच हींग, एक छोटा चम्मच अजवाइन और स्वादानुसार नमक लेना होगा. उबले आलू डालने से बैटर का टेक्सचर काफी अच्छा बनता है और डोसा बाहर से क्रिस्पी जबकि अंदर से सॉफ्ट रहता है. वहीं अजवाइन और हींग स्वाद को और भी शानदार बना देते हैं.
ऐसे तैयार करें झटपट डोसा बैटर
सबसे पहले मूंग दाल, चना दाल और समा के चावल को अच्छे से धो लें. अब इन्हें एक बर्तन में डालकर करीब 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. जब यह अच्छे से फूल जाएं तब इनका पानी निकाल लें. अब मिक्सी के जार में भीगी हुई दाल और चावल डालें. इसके साथ उबले आलू, हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, हींग, अजवाइन और नमक भी डाल दें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाएं और इसे अच्छे से पीस लें. बैटर इतना पतला होना चाहिए कि आसानी से तवे पर फैल जाए. बैटर तैयार होने के बाद तवा गर्म करें और हल्का सा तेल लगाएं. अब एक कलछी बैटर डालकर गोल-गोल फैलाएं. मध्यम आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक किनारे सुनहरे और क्रिस्पी न हो जाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा तेल भी डाल सकते हैं.
ऐसे मिलेगा होटल जैसा स्वाद
अगर आप चाहते हैं कि घर का डोसा बिल्कुल होटल जैसा बने तो तवा सही तरीके से गर्म होना चाहिए. बहुत ज्यादा गर्म तवे पर बैटर ठीक से नहीं फैलता जबकि ठंडे तवे पर डोसा क्रिस्पी नहीं बनता. इसलिए मध्यम गर्म तवे का इस्तेमाल करें. डोसा को नारियल चटनी, मूंगफली चटनी या टमाटर की तीखी चटनी के साथ सर्व करें. चाहें तो आलू मसाला भरकर मसाला डोसा भी बना सकते हैं.
क्यों खास है यह इंस्टेंट रेसिपी
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता. अचानक मेहमान आ जाएं या बच्चों को कुछ टेस्टी खिलाना हो, यह रेसिपी हर बार काम आती है. साथ ही इसमें इस्तेमाल होने वाली दालें हेल्दी भी होती हैं, जिससे यह स्वाद के साथ सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है. अब आपको डोसा खाने के लिए बाहर जाने या बाजार से रेडीमेड बैटर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ 30 मिनट में घर पर तैयार होगा शानदार और क्रिस्पी डोसा.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें

