Thursday, June 25, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशहाथरस में सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ: सांसद और डीएम ने...

हाथरस में सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ: सांसद और डीएम ने किया उद्घाटन, विजेताओं को मिला सम्मान – Hathras News


हाथरस2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हाथरस में जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय द्वारा सांसद खेल स्पर्धा प्रतियोगिता का‌ आज शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की गई। सांसद अनूप प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा और जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में ध्वजारोहण किया गया और गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मंचासीन जनप्रतिनिधियों और उपस्थित अधिकारियों का गुलदस्ता भेंट कर तथा पटका पहनाकर स्वागत किया गया। सेठ हरचरन दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की स्काउट गाइड टीम और प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। सांसद ने युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक मशाल प्रज्ज्वलित कर खिलाड़ियों को सौंपी।

इसके बाद पांचों विधानसभाओं के दो-दो खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर पूरा किया और एक बालिका खिलाड़ी ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ बालक एवं बालिका वर्ग की 400 मीटर रिले दौड़ से हुआ, जिसे सांसद, जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इसके अतिरिक्त, सब-जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भी उद्घाटन किया गया।

बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में राहुल यादव ने प्रथम, ललित ने द्वितीय और प्रशांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में रचना ने प्रथम, चंचल कुमारी ने द्वितीय और निधि ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांसद और जिलाध्यक्ष ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने जोर दिया कि खेल के माध्यम से आपसी भावनाएं जुड़ती हैं, भाईचारा बढ़ता है और समाज को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि इस सांसद खेल स्पर्धा के तहत कबड्डी, दौड़, फुटबॉल सहित लगभग आठ विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं, जिनमें पांचों विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने भाग लिया है।

इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अनुराग अग्निहोत्री, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी और उप क्रीड़ा अधिकारी सहित कई प्रतियोगी खिलाड़ी उपस्थित थे।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments