संतकबीरनगर पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने जिले में गुम हुए 131 स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये है। इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया है। इन मोबाइल फोन के गुम होने पर संबंधित धारकों ने थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज की गई थीं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर सर्विलांस टीम और सीईआईआर सेल को इस विशेष अभियान में लगाया गया। टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से कार्य किया। मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे पुलिस टीम ने इन गुमशुदा मोबाइलों को पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे विभिन्न राज्यों से बरामद किया। बरामद किए गए 131 मोबाइलों में 5 एप्पल आईफोन शामिल हैं, जबकि शेष अन्य कंपनियों के स्मार्टफोन हैं। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में एसपी संदीप कुमार मीना ने स्वयं मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई धारकों ने पुलिस की कार्यशैली और तकनीकी दक्षता की सराहना की। एसपी मीना ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी अब काफी आसान हो गई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पोर्टल और नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस एवं सीईआईआर टीम की सराहना करते हुए पूरी टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।
Source link
संतकबीरनगर पुलिस ने 131 स्मार्टफोन बरामद किए: 35 लाख रुपए के फोन विभिन्न राज्यों से खोजकर सौंपा – Sant Kabir Nagar News
RELATED ARTICLES

