Tuesday, June 30, 2026
Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स: ट्रम्प ने कोलंबिया के राष्ट्रपति को ड्रग लीडर बताया, सब्सिडी और आर्थिक मदद...

वर्ल्ड अपडेट्स: ट्रम्प ने कोलंबिया के राष्ट्रपति को ड्रग लीडर बताया, सब्सिडी और आर्थिक मदद बंद करने का ऐलान किया


8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को अवैध ड्रग लीडर करार दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब कोलंबिया को दी जाने वाली आर्थिक मदद और सब्सिडी को बंद कर देगा।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कोलंबिया में ड्रग्स का उत्पादन अमेरिका में मौत और तबाही का कारण बन रहा है। ट्रम्प ने कोलंबिया की सरकार पर नशे के खिलाफ सहमति को लागू करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पेट्रो ड्रग्स के बड़े पैमाने पर उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं। ट्रम्प ने कोलंबिया को कोई भी भुगतान या सब्सिडी नहीं देने का भी ऐलान किया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रम्प किन भुगतानों की बात कर रहे हैं।

पहले कोलंबिया को अमेरिका से काफी आर्थिक मदद मिलती थी, लेकिन इस साल USAID (अमेरिकी सरकार की मानवीय सहायता इकाई) के बंद होने से यह मदद अचानक कम हो गई। दोनों देशों के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब पिछले महीने अमेरिका ने पेट्रो का वीजा रद्द कर दिया।

इससे पहले पेट्रो न्यूयॉर्क में एक फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उन्होंने अमेरिकी सैनिकों से ट्रम्प के आदेशों की अवहेलना करने को कहा था। पिछले साल पेट्रो ने कोलंबिया में कोका की खेती को नियंत्रित करने का वादा किया था, लेकिन इसमें ज्यादा सफलता नहीं मिली।

सितंबर में ट्रम्प ने कोलंबिया सहित कई देशों को नशे के खिलाफ समझौतों को न मानने वाला देश घोषित किया था।

अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

इजराइल ने गाजा में हवाई हमले किए, हमास पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया

इजराइल ने रविवार को गाजा के राफा में हवाई हमले किए। इजराइल का कहना है कि पहले हमास ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए इजराइली सेना पर हमला किया।

इजराइली सेना के अनुसार, हमास ने सैनिकों पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में सेना ने राफा में हमला किया। सेना ने कहा कि हमास ने अमेरिकी मध्यस्थता वाले सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया है।

BBC के मुताबिक, जहां से इजराइली सेना पहली चरण की शर्तों के तहत पीछे हटी थी, हमास ने वहीं हमला किया।

वहीं, हमास ने राफा में लड़ाई की जानकारी से इनकार किया है। हमास ने कहा कि वे सीजफायर का सम्मान कर रहे हैं, उन्होंने सीजफायर का उल्लंघन नहीं किया है।

यह सीजफायर समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता से 10 अक्टूबर को हुआ था।

ड्रग्स ले जा रही सबमरीन पर अमेरिका का हमला; ट्रम्प बोले- 25000 अमेरिकी बच गए

अमेरिका ने कैरिबियन सी में ड्रग्स ले जा रही एक सबमरीन पर हमला किया। इस हमले में दो तस्कर मारे गए। वहीं जिंदा बचे दो तस्करों को उनके देश, इक्वाडोर और कोलंबिया वापस भेज दिया गया। इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर दी।

ट्रम्प ने कहा, “मुझे बहुत गर्व का मौका मिला है कि मैंने एक बहुत बड़े ड्रग्स-ले जाने वाले सबमरीन को नष्ट किया, जो अमेरिका की ओर बढ़ रहा था। इसमें फेंटेनाइल और अन्य नशीले पदार्थ भरे हुए थे।”

ट्रम्प ने आगे बताया कि दो तस्कर मारे गए और बचे हुए दो तस्करों को उनके देशों में भेजा गया है, जहां उन्हें गिरफ्तार और मुकदमा चलाया जाएगा।

ट्रम्प के मुताबिक यह हमला लैटिन अमेरिका से अमेरिका में ड्रग्स की आपूर्ति को रोकने के लिए अमेरिकी सेना की लगातार चल रही अभियान का हिस्सा है। सितंबर से अब तक कम से कम छह जहाजों पर अमेरिकी हमले हुए हैं, जिनमें ज्यादातर स्पीडबोट हैं।

अमेरिका का दावा है कि यह अभियान ड्रग तस्करी पर निर्णायक हमला कर रहा है, लेकिन अभी तक मारे गए लोगों के ड्रग्स तस्कर होने के सबूत सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

हमले का पूरा वीडियो यहां देखिए…

फ्रांस के म्यूजियम में चोरी, मंत्री बोली- ज्वेलरी लेकर भाग गए चोर

फ्रांस के फेमस लूव्र म्यूजियम में आज सुबह चोरी की घटना हुई। फ्रांस की संस्कृति मंत्री रशीदा दाती ने बताया कि चोर ज्वेलरी लेकर भाग गए। उन्होंने X पर लिखा, ‘आज सुबह लूव्र म्यूजियम में खुलते ही चोरी हुई।’

मंत्री ने कहा कि कोई घायल नहीं हुआ है। वह खुद संग्रहालय में पुलिस और कर्मचारियों के साथ मौजूद हैं। उनकी टीम ने बताया कि कम से कम एक व्यक्ति संग्रहालय में घुसा था। संग्रहालय ने विशेष कारणों से आज बंद रहने का ऐलान किया।

चोरी हुए समानों की डिटेल अभी सामने नहीं आई है। संग्रहालय ने अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। ये चोरी लूव्र म्यूजियम के डी’अपोलोन गैलेरी में हुई जहां फ्रांसीसी क्राउन ज्वेल्स प्रदर्शनी में लगाए गए थे। पूरी खबर पढ़ें…

ब्राजील में बस पलटने से 17 यात्रियों की मौत; ड्राइवर ने कंट्रोल खोया, रेत के ढेर से टकराई

ब्राजील के उत्तर-पूर्वी इलाके में शनिवार को एक यात्री बस रेत के ढेर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं।

पुलिस के मुताबिक, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसा पर्नाम्बुको राज्य के साओलो शहर में हुआ। यह बस पास के बाहिया राज्य के ब्रुमाडो शहर जा रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया था। बस पहले विपरीत दिशा में चली गई और सड़क किनारे मौजूद चट्टानों से टकराई। इसके बाद जब ड्राइवर ने बस को सही दिशा में लाने की कोशिश की, तो वह रेत के टीले से टकराकर पलट गई।

पुलिस ने बताया कि बस ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं और उसकी शराब जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

ब्राजील के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, साल 2024 में अब तक 10 हजार से ज्यादा लोग सड़क हादसों में मारे जा चुके हैं।

इससे पहले अप्रैल में दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में हुई एक बस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। वहीं फरवरी में साओ पाउलो राज्य में विश्वविद्यालय के छात्रों को ले जा रही एक बस और ट्रक की टक्कर में 12 लोगों की जान गई थी।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान तत्काल सीजफायर पर राजी:कतर के विदेश मंत्रालय ने ऐलान किया

पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने 9 अक्टूबर से जारी संघर्ष को रोकने के लिए शनिवार को तत्काल सीजफायर पर सहमति जताई। इसका ऐलान कतर के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर किया।

बयान के मुताबिक, कतर और तुर्किये की मध्यस्थता में दोहा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बातचीत हुई। इसमें दोनों पक्षों ने तत्काल सीजफायर लागू करने पर सहमति जताई। साथ ही सीमा पर स्थायी शांति और स्थिरता लाने के व्यवस्था बनाने पर भी बात हुई।

बयान में कहा गया है,

QuoteImage

दोनों देशों ने अगले कुछ दिनों में फॉलो-अप मीटिंग करने पर भी सहमति जताई है, ताकि संघर्षविराम को टिकाऊ बनाया जा सके

QuoteImage

कतर ने इस समझौते को एक बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया और उम्मीद जताई कि इससे पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव कम होगा और क्षेत्र में स्थायी शांति की नींव पड़ेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

अमेरिका में ‘नो-किंग’ प्रोटेस्ट, 70 लाख लोग जुटे: 2600 रैलियां निकालीं; ट्रम्प ने AI वीडियो में फाइटर जेट से प्रदर्शनकारियों पर मल गिराया

अमेरिका में रविवार को राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ सबसे बड़ा प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में देश के अलग-अलग शहरों में 2600 से ज्यादा रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में करीब 70 लाख लोगों ने हिस्सा लिया।

इन प्रदर्शनों को ‘नो किंग्स’ प्रोटेस्ट नाम दिया गया है। दरअसल प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ट्रम्प के शासन में देश तेजी से तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। इससे पहले जून में हुए पहली ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन के दौरान लगभग 2100 जगह रैलियां निकाली गई थीं।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, बोस्टन, अटलांटा और शिकागो के पार्कों में भारी भीड़ जुटी। वॉशिंगटन, लॉस एंजिल्स और कई रिपब्लिकन शासित राज्यों में भी लोग सड़कों पर उतरे। रिपब्लिकन पार्टी ने इन प्रदर्शनों को हेट अमेरिका रैली (अमेरिका से नफरत करने वाले प्रदर्शन) करार दिया।

ट्रम्प ने ‘नो किंग्स’ प्रोटेस्ट का जवाब एक AI-जनरेटेड वीडियो से दिया है। उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल पर एक 20 सेकेंड का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो क्राउन पहने एक फाइटर जेट पायलट के रूप में नजर आए। उनके जेट पर ‘किंग ट्रम्प’ लिखा था। वीडियो में ट्रम्प प्रदर्शनकारियों पर मल गिराते दिख रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…

—————————-

18 अक्टूबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments