वॉशिंगटन डीसीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका के दौरे पर जा सकते है। वे संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की सालाना बैठक में हिस्सा ले सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी का यह दौरा सितंबर के आखिरी हफ्ते में हो सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरे का असली मकसद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात कर व्यापार और टैरिफ से जुड़े विवाद सुलझाना है। इस दौरान दोनों नेता एक ट्रेड डील का ऐलान भी कर सकते हैं।
UNGA में मोदी के भाषण के लिए 26 सितंबर का वक्त तय है। इस दौरान मोदी ट्रम्प और अन्य नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात कर सकते हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी कहा है कि उनकी मोदी से मुलाकात सितंबर में UNGA के दौरान हो सकती है।

पीएम मोदी अब तक 7 बार UNGA समिट को संबोधित कर चुके हैं। वे आखिरी बार सितंबर 2024 में इस समिट में शामिल हुए थे।
भारत पर 50% टैरिफ लगा चुके हैं ट्रम्प
अमेरिका ने भारतीय स्टील, एल्युमिनियम और कई प्रोडक्ट्स पर 50% टैरिफ (इम्पोर्ट ड्यूटी) लगाया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब इसके जवाब में भारत भी चुनिंदा अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर 50% तक टैरिफ लगाने पर विचार कर रहा है।
अगर ऐसा होता है, तो यह अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ पर भारत का पहला औपचारिक पलटवार होगा। ट्रम्प ने 31 जुलाई को सभी भारतीय प्रोडक्ट्स पर 25% टैरिफ लगाया था। इसके बाद फिर 6 अगस्त को रूस से ऑयल इम्पोर्ट को लेकर भारत पर 25% का एक्स्ट्रा टैरिफ लगा दिया था।


इस साल फरवरी में अमेरिका के दौरे पर गए थे मोदी
मोदी ने इससे पहले फरवरी 2025 में अमेरिका का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस में ट्रम्प से मुलाकात की थी।
ट्रम्प ने टैरिफ मामले पर मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक टफ नेगोशिएटर (मोल-भाव करने वाला) बताया था। उन्होंने पीएम मोदी को अपना दोस्त बताया हुए कहा था कि वे अच्छा काम कर रहे हैं।

