अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को भरोसा जताया कि वॉशिंगटन और नई दिल्ली जल्द ही व्यापार समझौते पर पहुंच जाएंगे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना “अच्छा दोस्त” बताया और कहा कि उनके साथ उनके संबंध मजबूत हैं.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, “हम समझौते तक पहुंच जाएंगे क्योंकि मुझे आपके प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं, वह मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारे बीच अच्छी बनती है. हमारे संबंध अच्छे हैं.”
ट्रंप ने एक बार फिर भारत की टैरिफ नीति की आलोचना की और कहा कि नई दिल्ली ने वर्षों तक अमेरिकी सामानों पर भारी शुल्क लगाया, जबकि उसे अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिली.
उन्होंने कहा, “सालों तक भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया. उन्होंने हम पर भारी टैरिफ लगाए और कुछ नहीं चुकाया.”
हालांकि, ट्रंप ने दावा किया कि हाल के वर्षों में व्यापार का समीकरण बदल गया है और अब अमेरिका को भारत के साथ आर्थिक संबंधों से ज्यादा फायदा हो रहा है.
उन्होंने कहा, “अब स्थिति पूरी तरह उलट गई है और हम भारत के साथ बहुत पैसा कमा रहे हैं.”
ट्रंप ने अमेरिकी मोटरसाइकिल निर्माता हार्ले-डेविडसन का उदाहरण दिया, जिसे वह अक्सर अनुचित व्यापार बाधाओं का उदाहरण बताते हैं. उन्होंने कहा, “वे हार्ले-डेविडसन को भारत में नहीं आने देते थे. वे 200% टैरिफ लगाते थे. दुर्भाग्य से, यह सब मेरे कार्यकाल से पहले हुआ. वे यहां मोटरसाइकिल बेचना चाहते थे और हमने उन पर कोई शुल्क नहीं लगाया.”
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब वॉशिंगटन और नई दिल्ली के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत चल रही है, जिसे दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग और बाजार पहुंच को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया है.
इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आया था और गुरुवार को चार दिन की बातचीत के बाद एक अंतरिम द्विपक्षीय समझौते पर चर्चा पूरी की.
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि व्यापार वार्ता सहयोग और व्यावहारिकता की भावना के साथ हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे.

