नई दिल्ली (Pharmacy vs Biotechnology Career). साइंस स्ट्रीम से 12वीं साइंस पास करने के बाद मेडिकल फील्ड में करियर बनाने के इच्छुक स्टूडेंट्स फार्मेसी और बायोटेक्नोलॉजी के बीच कंफ्यूज रहते हैं. इन दोनों क्षेत्रों की प्रकृति, पढ़ाई के तरीके और काम के माहौल में जमीन-आसमान का अंतर है. तेजी से बढ़ते फार्मास्युटिकल मार्केट के कारण फार्मेसी को बेहद सिक्योर करियर माना जाता है. वहीं, बायोटेक्नोलॉजी को भविष्य की सबसे मॉडर्न खोजों से जुड़ा विज्ञान माना जा रहा है.
Pharmacy vs Biotechnology: दोनों में क्या काम होता है?
फार्मेसी का संबंध दवाइयों के निर्माण, उनकी खोज, टेस्टिंग और मरीजों तक सही दवा पहुंचाने से है. इसके सिलेबस में दवाइयां बनाने का प्रोसेस और शरीर पर उनका असर शामिल है. दूसरी तरफ, बायोटेक्नोलॉजी में जीवित जीवों (जैसे बैक्टीरिया, सेल्स या डीएनए) का इस्तेमाल करके इंसानों के लिए नए प्रोडक्ट्स (जैसे वैक्सीन, इंसुलिन या एडवांस फसलें) बनाए जाते हैं. फार्मेसी केमिकल और थेरेपी पर टिकी है, जबकि बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च, जेनेटिक्स और लैब वर्क पर आधारित है.
करियर स्कोप: कहां है नौकरियों की ज्यादा गारंटी?
नौकरियों के मामले में फार्मेसी (B.Pharm) को काफी सेफ और एवरग्रीन माना जाता है. इसकी वजह है कि कोर्स पूरा करते ही रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट का प्रोफेशनल लाइसेंस मिल जाता है. आप तुरंत किसी भी हॉस्पिटल, ड्रग मैन्युफैक्चरिंग कंपनी, क्वालिटी कंट्रोल या ड्रग इंस्पेक्टर जैसी सरकारी नौकरियों के लिए अप्लाई कर सकते हैं.
बायोटेक्नोलॉजी (B.Sc या B.Tech) में भी स्कोप बहुत शानदार है, लेकिन इसके कोर जॉब्स रिसर्च ओरिएंटेड होते हैं. सिर्फ ग्रेजुएशन के दम पर इस फील्ड में अच्छी नौकरी मिलना थोड़ा मुश्किल होता है. अगर आप रिसर्च साइंटिस्ट बनना चाहते हैं तो आगे चलकर M.Tech, M.Sc या PhD करनी पड़ेगी. हालांकि, वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों, बायो-फार्मा सेक्टर और जीनोमिक्स लैब में बायोटेक प्रोफेशनल्स की भारी डिमांड है.
सैलरी का गणित: शुरुआती पैकेज और लॉन्ग-टर्म ग्रोथ
अगर शुरुआती सैलरी की बात करें तो फार्मेसी के ग्रेजुएट्स को भारत में आसानी से 3 लाख से 6 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिल जाता है, खासकर सेल्स, मार्केटिंग और प्रोडक्शन यूनिट्स में. अनुभव बढ़ने के साथ सैलरी 10-15 लाख रुपये तक आराम से पहुंच जाती है. बायोटेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन स्तर पर शुरुआती सैलरी 3 लाख से 5.5 लाख रुपये सालाना के बीच होती है. अगर आपने किसी अच्छे संस्थान से MS या PhD कर ली तो बायोटेक्नोलॉजी में सैलरी ग्रोथ की कोई सीमा नहीं है. जेनेटिक इंजीनियरिंग और बायोइन्फॉर्मेटिक्स जैसे रिसर्च फील्ड्स में सीनियर लेवल पर पैकेज 15 से 25 लाख रुपये सालाना तक भी चला जाता है.
कौन सा मेडिकल कोर्स बेस्ट है?
- फार्मेसी: अगर आप ग्रेजुएशन के तुरंत बाद स्टेबल जॉब चाहते हैं, दवाइयों के फॉर्मूलेशन में दिलचस्पी है या आप खुद का मेडिकल स्टोर/फार्मा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं.
- बायोटेक्नोलॉजी: अगर लैब में रिसर्च करना, डीएनए (DNA) के साथ एक्सपेरिमेंट करना पसंद है और आगे लंबी पढ़ाई (मास्टर्स या रिसर्च) करने के लिए मानसिक रूप से तैयार हैं.

