नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बोर्दियाकला-जवासा मार्ग पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क पर खोदे गए गड्ढे और सुरक्षा इंतजामों की कमी को जिम्मेदार बताया है। मृतक की पहचान आमलीखेड़ा निवासी 32 वर्षीय रघुवीर सिंह राजपूत के रूप में हुई है। वह बोर्दियाकला में मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। शनिवार रात दुकान बंद कर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। गड्ढे में गिरने से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मार्ग पर जल निगम की ओर से पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था, जिसके लिए सड़क खोदी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यस्थल पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग या रिफ्लेक्टर की व्यवस्था की गई थी। रात के समय रघुवीर सिंह को सड़क पर खुदा गहरा गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक उसमें जा गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना के बाद राहगीरों की मदद से रघुवीर सिंह को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। रविवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। लापरवाही के पहलू की होगी जांच पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सड़क पर चल रहे पाइपलाइन कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पाइपलाइन के लिए खोदे गड्ढे में गिरा मेडिकल संचालक: नीमच में जल निगम की लापरवाही से युवक की मौत – Neemuch News
RELATED ARTICLES

