चूरू की सदर पुलिस ने डीटीओ ऑफिस में शराब के नशे में हंगामा करने और एक व्यक्ति को धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
सदर पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि डीटीओ कार्यालय में एक युवक, दीपक कुमार सैनी के साथ विवाद कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक जोर-जोर से चिल्लाते हुए दीपक कुमार को धमकियां दे रहा था। उसके हंगामे के कारण कार्यालय के कर्मचारी भी मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ और मारपीट पर उतारू रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की। उसने अपना नाम जितेन्द्र उर्फ जितु (29) निवासी ढाणा, तारानगर बताया।
पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से जांच करवाई, जिसमें युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि यदि उसे समय रहते नहीं रोका जाता तो वह कोई संज्ञेय अपराध कर सकता था। इसलिए उसे शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया गया।
Source link

