Friday, July 17, 2026
Homeराज्यराजस्तानझालावाड़ में 'आदर्श ट्रैफिक जोन' बनेगा: यातायात नियमों के उल्लंघन पर...

झालावाड़ में ‘आदर्श ट्रैफिक जोन’ बनेगा: यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई, 1 घंटे चलेगा विशेष अभियान – jhalawar News




झालावाड़ पुलिस सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में एक विशेष अभियान चलाएगी। इस दौरान शाम 5 बजे से 6 बजे तक मामा-भांजा चौराहे से मूर्ति तिराहे तक के मार्ग को ‘आदर्श ट्रैफिक जोन’ घोषित किया गया है, जहां नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा। झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं और उनसे होने वाली मौतें गंभीर चिंता का विषय हैं। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, जिले में यातायात नियमों की सख्त पालना और जन-जागरूकता के लिए यह विशेष पहल की जा रही है। इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा किया जाएगा। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोड सवारी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सवारों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि नियमों का उल्लंघन करने वाला कोई भी व्यक्ति कार्रवाई से बच न सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना है। इसका लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाना है। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए इस अभियान को सफल बनाएं। अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता फैलाने में पुलिस का सहयोग करें।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments