जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर से खिड़की तोड़कर करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए गए। वहीं, गांव के एक बंद पड़े मकान से नगदी और चांदी के सिक्के चोरी होने की सूचना है। एक ही रात में हुई इन दो चोरियों से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोहंडा गांव निवासी महेश्वर प्रसाद सिंह के घर में परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर उस कमरे में प्रवेश किया, जहां महिलाओं के कीमती जेवरात रखे थे। चोर बक्से समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह जब परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी हुई, तो आसपास खोजबीन शुरू की गई। घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में चोरी किया गया बक्सा और कुछ कपड़े पड़े मिले। आशंका है कि चोर कीमती सामान निकालने के बाद बाकी सामान वहीं छोड़कर भाग गए। अंदर से बंद मिला कमरे का दरवाजा पीड़िता किरण कुमारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे पूरा परिवार सो गया था। सुबह जब कमरे का दरवाजा खोलने पहुंचे तो वह अंदर से बंद मिला। ग्रामीणों ने घर के बाहर कपड़े पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि उनके जेठ राकेश सिंह अपनी पत्नी के साथ पटना गए हुए थे। उन्हीं दोनों के कमरे में चोरी हुई है। मेरी जेठानी सरकारी शिक्षिका है। चोर 40 भर से अधिक सोने के जेवरात और एक किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण ले गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी गए जेवरात की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। घटना के बाद घर से 100 फीट दूरी पर समान फेंका मिला,फॉरेंसिक जांच टीम पहुंची मौके पर पहुंच गई है।
दूसरे घर से कैश और चांदी के सिक्के गायब इसी रात चोरों ने गांव के अजय सिंह के बंद पड़े मकान को भी निशाना बनाया। बताया गया कि अजय सिंह का परिवार करीब 15 दिनों से बाहर था। चोर वहां से 50 हजार रुपए नगद और 50 चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। हालांकि, परिवार के लौटने के बाद ही कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। घटना की सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम की भी मदद ली जा रही है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
Source link

