Last Updated:
Govinda Movie Dulhe Raja Song : टी-सीरीज के मालिक गुलशन कमार को म्यूजिक का जबर्दस्त सेंस था. वो गाने का मुखड़ा सुनते ही बता देते थे कि सॉन्ग सुपरहिट होगा. एक बार गुलशन कुमार ने गीतकार समीर अंजान को अपने घर पर शाम को बुलाया. फिर उन्हें बेडरूम में ले गए. अकेले में कोने में जाकर एक फॉक सॉन्ग का मुखड़ा सुनाया और उसी गाने की तर्ज पर एक नया गाने लिखने का अनुरोध किया. समीर ने म्यूजिक डायरेक्टर आनंद-मिलिंद के साथ गाना फाइनल किया. जब यह फिल्म रिलीज हुई तो 90 के दशक की बहुत बड़ी हिट मूवी साबित हुई.
90 के दशक में एक्टर गोविंदा ने अपनी कॉमेडी फिल्मों से बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई. उनकी डांसिंग स्टाइल को हिंदी राज्यों बिहार-यूपी, राजस्थान, एमपी में सबसे ज्यादा कॉपी किया गया. सबसे ज्यादा फैंस भी इन्हीं राज्यों से मिले. इन्हीं राज्यों में गोविंदा की फिल्में सबसे अच्छा बिजनेस करती रही हैं. गोविंदा की ऐसी ही एक फिल्म ‘दूल्हे राजा’ 1999 में आई थी. यह एक कॉमेडी फिल्म थी जिसे 10 जुलाई 1998 को रिलीज किया गया था. फिल्म में गोविंदा, रवीना टंडन, कादर खान, जॉनी लीवर, प्रेम चोपड़ा और असरानी नजर आए थे. फिल्म की कहानी राजीव कौल ने लिखी थी. फिल्म को डायरेक्ट और प्रोड्यूस हरमेश मल्होत्रा ने किया था.

म्यूजिक आनंद-मिलिंद का था. गीत समीर ने लिखे थे. फिल्म के कुल 7 गानों में 5 मूवी में रखे गए थे. फिल्म के सभी गाने सुपरहिट थे. मूवी का एक सॉन्ग ‘अंखियों से गोली मारे’ तो उन दिनों हर पार्टी-शादी-विवाह-फंक्शन में सुनाई देता था. गोविंदा के डासिंग स्टेप्स ने उन दिनों सबको दीवाना बना लिया था. फिल्म का बजट करीब 5 करोड़ का था. फिल्म ने करीब 22 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी. यह गोविंदा की अपने दम पर अंतिम हिट मूवी मानी जाती है. फिल्म में गोविंदा-कादेर खान की कॉमिक टाइमिंग लाजवाब थी.

दूल्हे राजा फिल्म के पॉप्युलर गाने ‘अंखियों से गोली मारे’ के बनने की कहानी भी दिलचस्प है. यह गाना भोजपुरी सॉन्ग ‘जब से सिपाही से भइले हवलदार, नथुनियां पे गोली मारे, सइयां हमार…’ से इंस्पायर्ड है. ‘नथुनियां पे गोली मारे’ को सॉन्ग को भोजपुरी सम्राट मुन्ना सिंह ने पहली बार गाया था. टी-सीरीज ने ही यह एल्बम निकाला था. यह भोजपुरी का फॉक सॉन्ग है.

गीतकार समीर अनजान ने अपने एक इंटरव्यू में ‘अंखियों से गोली मारे’ सॉन्ग के बनने का दिलचस्प किस्सा अपने एक इंटरव्यू में सुनाया था. उन्होंने कहा था, ‘टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार ने एक बार मुझे फोन किया और मिलने के लिए बुलाया. अगर वो मुंबई में होते थे तो शाम को जरूर बुलाते थे. मैंने कहा कि देखिए पापा जी 8 बजे रात के बाद आप मत बुलाया करिये. हमारी घंटी बज जाती है. आप बैठकर ‘गंगाजल’ पीते हैं. मत किया करिये, शराब मत पिया करिये. मैं चला गया उनसे मिलने. बोले कि छपरा-बरेली घूमने गए थे और एक गाना ढूंढकर लाए हैं. वो कमाल के आदमी थे, उन्हें म्यूजिक का जबर्दस्त सेंस था. वो सिर्फ एक ही लाइन सुनते थे और बोल देते थे कि गाना हिट है. उन्होंने कहा कि कसम खाइये पहले कि आप सिर्फ मेरी फिल्म के लिए लिखेंगे. मैंने कहा कि आपकी ही फिल्में कर रहा हूं. वो बोले कि आप वीनस और टिप्स की भी फिल्में कर रहे हैं. उधर मत दे दीजिए.’

समीर ने आगे बताया था, ‘वो मुझे बेडरूम में लेकर गए. धीरे से कोने में जाकर गाना सुनाया. गाना के बोल थे: ‘जब से सिपाही से भइले हवलदार, नथुनिया से गोली मारे, सैंया हमार..’ यूपी का फॉक सॉन्ग था. वो बोले कि आप कुछ जादू कर देंगे. मेरे गले पड़ गए. आनंद-मिलिंद को साथ लिया. फिर अचानक लाइन आई, ‘अपने दीवाने का कर दे बुरा हाल, अखियों से गोली मारे, लड़की कमाल…’. इस तरह से दूल्हे राजा फिल्म का वो आइकॉनिक सॉन्ग बना.’

गीतकार समीर ने आगे बताया, ‘इस सॉन्ग को पहले अल्ताफ राजा से गवाया जाना था. उन दिनों अल्ताफ का एक सॉन्ग ‘तुम तो ठहरे परदेसी, साथ क्या निभाओगे’ बहुत पॉप्युलर हुआ था. हमने उनके ऑफिस में संपर्क किया तो वो उनके सेक्रेटरी ने एक लाख रुपये मांगे. हमने फिर सोनू निगम से यह गाना गवाया. जब अल्ताफ को पता चला तो वो खूब पछताए.’

दूल्हे राजा, अनाड़ी नंबर वन समेत कई फिल्मों में गोविंदा-रवीना टंडन की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा था. रवीना टंडन ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मेरी जोड़ी हर हीरो के साथ जमी. संजय दत्त से लेकर सुनील शेट्टी तक मैंने सबके साथ काम किया लेकिन अगर सुपरहिट गानों की बात करेंगे तो गोविंदा का नाम लूंगी. अखियों से गोली मारे गाना मेरे अलावा कोई नहीं कर सकती.’

दूल्हे राजा फिल्म का टाइटल पहले ‘तू हंसी मैं जवां’ था जिसे बदला गया था. फिल्म के गाने’अंखियों से गोली मारे..’ से डायरेक्टर हरमेश मल्होत्रा इतने प्रभावित हुए थे कि उन्होंने इसी नाम से फिल्म बनाई. गोविंदा-रवीना टंडन और कादर खान उस फिल्म में थे लेकिन यह मूवी फ्लॉप हो गई थी.

गोविंदा ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘रवीना टंडन के साथ जुड़ गया था. दूल्हे राजा और अनाड़ी नंबर हिट रही. रवीना के साथ हम लोगों ने चार-पांच फिल्में प्लान कर ली. भगवान की कृपा से सभी हिट रही थीं. वह बहुत ही इमोशनल और प्रोफेशन हैं.’

