Last Updated:
Homemade Soyachaap Recipe: बाजार में मिलने वाला सोया चाप गंदगी और मिलावट से तैयार बना हुआ हो सकता है. ऐसे में इसे घर पर बनाना बेहतरीन विकल्प होता है. इस लेख में आप घर पर सोया चाप बनाने के आसान तरीके के बारे में जान सकते हैं.
सोया चाप शाकाहारी थाली में चिकन-मटन के स्वाद को जोड़ने का काम करता है. हालांकि इसमें किसी तरह का नॉनवेज नहीं मिला होता है, लेकिन इसका टेक्सचर और स्वाद बिल्कुल बोनलेस चिकन की तरह लगता है. सेहत के नजरिए से भी सोया चाप फायदेमंद माना जाता है. सोयाबिन से तैयार किए जाने के कारण इसमें हाई प्रोटीन और फाइबर होता है. इसके अलावा इसमें फैट की मात्रा भी कम होती है, जो इसे जिम जाने वालों के लिए एक बेहतरीन फूड साबित होता है.
हालांकि, सोया चाप आसानी से मार्केट से खरीदे जा सकते हैं, लेकिन मिलावट और गंदगी से बनाने के ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं, जिसे देखने के बाद खा पाना मुश्किल है. इसलिए आज हम आपको यहां बहुत ही आसान तरीके से घर पर सोयाचाप बनाने का तरीका बता रहे हैं.
घर पर सोयाचाप बनाने का तरीका
सामाग्री
सोयाबीन दाल- आधा कप
सोया चंक्स- 1 कप
मैदा-1 कप बाइंडिंग के लिए
नमक
आइसक्रीम स्टिक्स- 8-10
विधि
- सोयाचाप बनाने के लिए एक रात पहले सोयाबीन दाल को पानी में भिगोकर छोड़ दें. सुबह साफ पानी से इसे धोकर मिक्सर में कम पानी के साथ स्मूथ पीस लें.
- फिर सोया चंक्स को उबलते पानी में लगभग 5 मिनट तक पकाएं. इसके बाद इन्हें ठंडा होने दें और अच्छी तरह दबाकर सारा पानी निकाल दें. अब सोया चंक्स को मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें.
- एक बड़े बाउल में पिसी हुई सोया दाल, दरदरे सोया चंक्स, मैदा और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. बिना पानी या जरूरत हो तो सिर्फ कुछ बूंद पानी डालकर इसे सख्त आटे की तरह गूंध लें. आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए.
- अब आटे की एक बड़ी लोई बनाकर पतली रोटी बेल लें. रोटी को चाकू से लंबी और पतली स्ट्रिप्स में काट लें. एक आइसक्रीम स्टिक लें और एक-एक स्ट्रिप को स्टिक पर घुमाते हुए लपेट दें.
- दूसरी तरफ एक गहरे बर्तन में पानी उबालें. जब पानी अच्छे से उबलने लगे, तब तैयार स्टिक्स को उसमें डाल दें. इन्हें 10-12 मिनट तक तेज आंच पर पकाएं. पकने के बाद सोया चाप पानी की सतह पर तैरने लगेगी. इन्हें तुरंत निकालकर बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें, जिससे चाप मुलायम, स्पंजी और जूसी बनेगी.
ऐसे करें स्टोर
ठंडा होने पर चाप को सुखाकर जिपलॉक बैग में भरें और फ्रीजर में रख दें. ऐसे चाप को 2-3 महीने तक स्टोर करके खाया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर निकालें, काटें और अपनी पसंदीदा ग्रेवी में बनाकर स्वादिष्ट सोया चाप का आनंद लें.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें

