भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड के खैरा मोड़ क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान एक किसान पर जानलेवा हमला किया गया है। घटना में गंभीर रूप से घायल किसान मोहम्मद अयूब का इलाज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल भागलपुर में चल रहा है। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मोहम्मद अयूब अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर उनसे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अयूब गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज घटना की सूचना मिलने पर परिजन मो अयाज ने मौके पर पहुंचे और घायल किसान को उपचार के लिए पहले एक निजी अस्पताल ले गए। घायल के बेटे अयाज ने बताया कि निजी अस्पताल में इलाज का खर्च अधिक होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के लिए वहां इलाज कराना संभव नहीं था। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घायल किसान के बेटे ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने हमला किया, वे रिश्ते में उनके दादा लगते हैं। बेटे का कहना है कि घटना के बाद न तो आरोपितों ने कोई मदद की और न ही गांव के अन्य लोगों ने परिवार की सहायता की। किसी तरह परिजन घायल किसान को अस्पताल तक लेकर पहुंचे। बेटे ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर तथ्य सामने लाने और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। वहीं, अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायल किसान की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Source link

