खगड़िया के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कारू मंडल टोला (इंग्लिश टोला बहियार) में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दि
.
मृतक की पहचान मथार दियरा निवासी स्वर्गीय छत्री यादव के लगभग 40 वर्षीय पुत्र बुल्लक (गुल्लक) यादव के रूप में हुई है। शव के प्रारंभिक अवलोकन से आशंका जताई जा रही है कि युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई है।
बहियार में एक अज्ञात शव पड़े होने की मिली थी सूचना
घटना के संबंध में जानकारी मिली कि 20 दिसंबर 2025 को दोपहर में मथार पिकेट पर तैनात हवलदार हरेंद्र यादव ने इंग्लिश टोला के बहियार में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव की तस्वीरें विभिन्न स्थानों पर भेजी गईं, जिसके बाद मृतक की पहचान संभव हो सकी।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
पुलिस जांच के दौरान, शव से लगभग 50 मीटर की दूरी पर खून से सनी एक लाठी बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया है।
एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल और शव का बारीकी से निरीक्षण कर जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए। इसके उपरांत शव को अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
घटनास्थल का निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 मुकुल कुमार रंजन ने किया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एफआईआर दर्ज, मामले की जांच शुरू
थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक बुल्लक यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
उसके विरुद्ध मुफ्फसिल थाना में रंगदारी, तोड़फोड़, चोरी के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के कारणों तथा आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।

