गोंडा में लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के पास 30 जून को सुबह करीब 7 बजे करंट लगने से विमल कुमार नामक युवक की मौत हो गई। वह अपनी बहन प्राची को बीएड की परीक्षा दिलाने के लिए महाविद्यालय आया था। परिजनों ने इस मामले में नगर पालिका और विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गोंडा पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि विद्युत पोल में अनियंत्रित विद्युत संचालन के कारण अर्थिंग हुई, जिससे विमल कुमार करंट की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई। इस घटना में उसकी बहन प्राची भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे लखनऊ में इलाज के बाद अब छुट्टी दे दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि बारिश के मौसम से पहले उक्त पोल में करंट उतरने की कोई सेफ्टी ऑडिट या अर्थिंग की जांच नहीं की गई। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की लापरवाही को जनता के जीवन को सीधे खतरे में डालना बताया गया है। परिजनों ने इसे सीधे तौर पर नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की घोर लापरवाही करार दिया है। गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मृतक विमल के भाई प्रशांत कुमार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशांत कुमार और अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पहले उनकी बहन प्राची को करंट लगा, और जब भाई विमल उसे बचाने दौड़ा तो वह भी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद से अब तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उनके घर नहीं पहुंचा है, न ही उन्हें कोई आर्थिक मदद मिली है। परिवार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहा है। नगर पालिका के ईओ विशाल कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी संभव मदद होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।
Source link
करंट से युवक की मौत, एसपी से की शिकायत: नगर पालिका और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग – Gonda News
RELATED ARTICLES

