कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना इलाके के अतरसुमा गांव में सोमवार सुबह खेत के पास एक 45 साल के शख्स का शव मिला। मृतक मुकेश चनपुरिया एक किसान थे, जो सिलौडी चौकी के अतरसुमा गांव के रहने वाले थे।
.
मुकेश चनपुरिया रविवार देर रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद वह पूरी रात घर वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह लगभग 6 बजे गांव वालों ने उनका शव उन्हीं के खेत के पास एक आम के पेड़ के नीचे देखा। तुरंत पुलिस को खबर दी गई।
उंगलियों पर चोट के निशान मिले
शव देखने वाले लोगों ने बताया कि मृतक मुकेश के पैर की उंगलियों पर चोट के निशान थे। ये चोटें देखकर परिवार वालों को शक है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है, बल्कि उनकी हत्या की गई है।
सूचना पर ढीमरखेड़ा और सिलौडी चौकी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। परिवार के शक को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वॉड, एफएसएल टीम (फोरेंसिक एक्सपर्ट) और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया।
इन टीमों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और सबूत जुटाए हैं, जिनसे मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज किया है और कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



