जमुई के लक्ष्मीपुर इलाके के आनंदपुर गांव के एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
.
इस वीडियो में युवक पुलिस के बारे में आपत्तिजनक बातें कहते हुए गाली-गलौज कर रहा है। युवक की पहचान राजकुमार दास के रूप में हुई है, जो ITBP का जवान बताया जा रहा है और फिलहाल सिक्किम में तैनात है।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार दास के खिलाफ लक्ष्मीपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला भी दर्ज है।
गलत के खिलाफ आवाज उठाऊंगा – जवान राजकुमार
वायरल वीडियो में राजकुमार दास भोजपुर के शाहपुर में हुए भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर को लेकर बिहार पुलिस को गालियां दे रहा है। वह लगातार कह रहा था कि वह गलत के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा और समाज के लिए लड़ने वाले व्यक्ति पर गोली चलाने को बर्दाश्त नहीं करेगा।
युवक ने बिहार पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने किसी एक व्यक्ति के कहने पर गोली चलाई होगी। उसने कहा, “मेरा आईडी डिलीट मार देना, मैं डरने वाला नहीं हूं। जय भीम, जय हिंद बोलूंगा और देश के लिए लड़ता रहूंगा।” राजकुमार दास ने भरत तिवारी को एक क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि वह सही काम कर रहे थे और सिस्टम के खिलाफ थे।
महिला थाना प्रभारी को लेकर भी आपत्तिजनक बातें
वीडियो में राजकुमार दास ने बिहार पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि वे पांच दिनों तक किसी थाने में केस दर्ज नहीं करते, बल्कि सेटलमेंट की बात करते हैं।
उसने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उसके एक रिश्तेदार का झगड़ा हुआ था, जिसमें उनका सिर फट गया था। 2 दिन बीत जाने के बाद भी जमुई के गिद्धौर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और सेटलमेंट के चक्कर में थी।
युवक ने गिद्धौर थाने की महिला थाना प्रभारी को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं और उन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा कि,
भरत तिवारी के एनकाउंटर करने वाले सावधान हो जाओ, इस तरह के एनकाउंटर से सम्राट चौधरी का तख्ता हिल जाएगा।

जिस दिन बिहारवासी, भारतवासी जात-पात की लड़ाई को छोड़कर एक हो जाएगा तो आपकी सत्ता धूमिल हो जाएगा। कोई पुलिस वाले नहीं बचाएगा। सेना के जवान भी नेता को नहीं बचाएंगे, समझ जाओ, इज्जत करना सीखो, सम्मान करना सीखो, बहुत लोगों का खोपड़ी उल्टा होता है। जिस दिन ऐसा हुआ ना हम लोग अपनी बंदूक के नीचे कर देंगे।

हम लोग जानते हैं कि सभी नेता भ्रष्ट है। जो भरत तिवारी के साथ एनकाउंटर किया गया है। वह पूरी तरह से गलत है। हम भीम आर्मी को सपोर्ट करते हैं, बुध को मानते है, हम मानवता के खिलाफ नहीं है। भीम आर्मी कभी गलत नहीं है, एक निहत्थे आदमी का एनकाउंटर किया है तुम लोगों ने, बिहार पुलिस मैं थूकता हूं।

बिहार पुलिस अपनी वर्दी पर दाग लगा दिया है। जो शेर पुलिस वाले हैं, जो शेर फौजी है, उसकी इज्जत पर तुम लोगों ने कालिख पोत दी है। तुम्हारी वजह से पूरा वर्दी कलंकित हो गया है। हम लोग देश के लिए मरते हैं देश के लिए जीते हैं।


इस मामले में जमुई SP विश्वजीत दयाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, जहां भी वह ड्यूटी कर रहा है इसे लेकर उनके सीनियर पदाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। उसके विरुद्ध जो केस है ,उस मामले में आगे कार्रवाई करेंगे।

