सुबह 8 बजे के आसपास टनल में ऊपर से 50 किलो से अधिक वजन के पत्थरों सहित भारी मलबा गिर गया।
बूंदी जिले की अरावली पर्वतमाला में स्थित फोरलेन हाईवे टनल में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह 8 बजे के आसपास टनल में ऊपर से 50 किलो से अधिक वजन के पत्थरों सहित भारी मलबा गिर गया।
.
120 करोड़ रुपए की लागत से 10 वर्ष पूर्व बनी इस टनल में बरसात के दौरान पानी का रिसाव होता रहा है। इस वर्ष लगातार चार महीने की भारी बारिश के कारण रिसाव की समस्या और बढ़ गई है। देवली से कोटा जाने वाली साइड में यह घटना हुई।
घटना के समय टनल से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। हाईवे कंपनी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मलबा हटाया। फिर भी कुछ लोग टनल से गुजरते रहे। वर्ष 2023 में भी इसी टनल में मलबा गिरने की घटना हुई थी।
वर्तमान में टनल की स्थिति चिंताजनक है। प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह से काम नहीं कर रही है। एग्जॉस्ट फैन बंद होने से टनल में धुआं भरा रहता है। वाहन ड्राइवरों को तेज लाइट का उपयोग करके टनल पार करना पड़ रहा है। बारिश की तरह गिरते पानी और बीच-बीच में गिरते मलबे से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लापरवाही से टनल की स्थिति बिगड़ती जा रही है। अब देखना यह है कि प्राधिकरण पानी के रिसाव, टूटी सड़क, खराब लाइटिंग और एग्जॉस्ट फैन की समस्याओं को कब तक सुलझाता है।
कंटेंट- धर्मराज मीणा

