प्रतापगढ़ में धोलापानी थाना पुलिस ने सिंघोडिया फला ईंटो का तालाब निवासी नारायण लाल मीणा के मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में आभूषण, वाहन, कृषि यंत्र, दस्तावेज और नकदी जब्त की। थानाधिकारी पूराराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 9 जून को सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, नारायण लाल मीणा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देता था। वह उनके सोने-चांदी के आभूषण, वाहन और कृषि यंत्र गिरवी रखता था। मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप आरोपी लोगों से खाली चेक, इकरारनामा और स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवाकर उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करता था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी नारायण लाल मीणा के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 9 किलो 265 ग्राम चांदी और 25 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा, 8 मोटरसाइकिल, 1 टीवीएस लूना, 5 ट्रैक्टर, 3 सीड ड्रिल मशीन, 1 मूंगफली निकालने की मशीन, 2 पलटी प्लो, 1 प्रेशर मशीन और 1 पानी का टैंकर भी जब्त किया गया। पुलिस ने 100 और 500 रुपए मूल्य के 20 स्टाम्प पेपर, 6 प्रॉमिसरी नोट और विभिन्न बैंकों के 6 हस्ताक्षरित खाली चेक भी जब्त किए। साथ ही, 8 बहीखाते और 6 लाख 7 हजार 350 रुपए नकद भी बरामद हुए। ऊंचे ब्याज पर देता था पैसे प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी ग्रामीणों को बिना किसी वैधानिक दस्तावेज के ऋण देता था। वह मनमाने तरीके से उनसे ब्याज वसूलता था। यदि कोई व्यक्ति समय पर भुगतान नहीं कर पाता था, तो आरोपी खाली चेकों में अपनी ओर से राशि और दिनांक भरकर न्यायालय में दावा प्रस्तुत कर लोगों पर दबाव बनाता था।
Source link

