बूंदी जिले में हिंडोली उपखंड क्षेत्र के ढगारिया गांव में गुरुवार रात संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक और जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव शामिल हुए। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। चौपाल में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष टाक ने ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ग्राम रथों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि इनका लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। संध्या चौपाल के दौरान अध्यक्ष टाक और कलेक्टर यादव ने ग्रामीणों की शिकायतें और समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह, मुकेश कुमावत, अशोक सांवला, रमेश बैरवा, महावीर सैनी, हेमराज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
Source link

